सऊदी सुल्तान की इस वर्ष भारत यात्रा संभव, विदेश सचिव ने जताई उत्सुकता

 

सऊदी सुल्ताननई दिल्ली। भारत ने रविवार को कहा कि वह सऊदी सुल्तान सलमान की आधिकारिक यात्रा को लेकर उत्सुक है। इससे दोनों देशों के बीच सामरिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। सऊदी अरब की प्रमुख पेट्रोकेमिकल कंपनी, साबिक द्वारा अयोजित एक समारोह में विदेश सचिव (आर्थिक संबंध) अमर सिन्हा ने कहा, “हम इस साल के अंत में सऊदी के सुल्तान की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर उत्सुक हैं।”

उन्होंने कहा, “हमारे ऐतिहासिक और गहरे संबंध बीते दो सालों में तेजी से बढ़े हैं। इससे दोनों देशों के संयुक्त उत्पादन और निवेश में बढ़ोतरी हुई है। हम बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी संसाधनों और कौशल संयोजन में नए निवेश की तरफ देख रहे हैं।”

सलमान को उनके सौतेले भाई सुल्तान अब्दुल्ला की मौत के बाद जनवरी 2015 में नया सुल्तान बनाया गया था।

साबिक ने भारत में अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई है। इसमें बेंगलुरू में एक उन्नत आर एंड डी सुविधा शामिल है। इसने अपने सीएसआर के तहत दिल्ली, गुरुग्राम, बेंगलुरू, वड़ोदरा, चेन्नई और मुंबई के 100,000 सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के बच्चों के आंखों की जांच कराने की घोषणा की है।

अपने संबोधन में सऊदी राजदूत सऊद अल साती ने भारत को अपने देश में महत्वपूर्ण आर्थिक परिवर्तन में भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उनका देश कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अपने स्रोतों में विविधता लाने के लिए नए ईधन के आने के बाद तेल निर्यात पर निर्भरता कम करने की कोशिश में है।

LIVE TV