शीत लहर, घने कोहरे से कांपा उत्तर भारत; आईएमडी ने कई क्षेत्रों में अलर्ट किया जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण शीत लहर और घने कोहरे की चेतावनी दी है। पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश जैसे कई क्षेत्रों में शनिवार को शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई, जबकि पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 जनवरी तक देर रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घने कोहरे का अनुभव होगा। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 24 जनवरी तक और उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में भी इसी तरह के कोहरे की स्थिति होने की संभावना है। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और कोहरा पड़ रहा है, जिससे राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (देहरादून) ने हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां अत्यधिक कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि बताया गया है कि देहरादून में भी हल्का कोहरा रहने की संभावना है। शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की धूप निकली, लेकिन तापमान सामान्य से नीचे रहा।

देहरादून का अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा. उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से तीन डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।

LIVE TV