लेडी कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा का इस्तीफा हो गया मंजूर, मोटी धनराशि चुकाने के नोटिस ने बढ़ाई समस्या

रिवाल्वर के साथ वर्दी में महिला पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आई कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा की पुलिस महकमे से छुट्टी हो गई है। हालांकि इस्तीफा मंजूर करने के साथ ही उनको विभाग की ओर से 1.52 लाख रुपए जमा कराने का नोटिस भी थमा दिया गया है। यह धनराशि उनकी ट्रेनिंग पर सरकार द्वारा खर्च की गई थी। प्रियंका का कहना है कि वह सिविल की तैयारी करके या फिर माडलिंग कर अब आगे बढ़ने का लक्ष्य बना रही है।

प्रियंका मिश्रा कानपुर की ही रहने वाली हैं। वह 10 अक्टूबर 2020 को ही पुलिस कांस्टेबल पद पर भर्ती हुई थीं। 24 अगस्त को उनका वीडियो रिवाल्वर के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह एक डायलॉग पर लिप्सिंग करती नजर आई थीं। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी मुनिराज ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बाद प्रियंका ने 31 अगस्त को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

एसएसपी मुनिराज द्वारा उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। इसी के साथ उनकी ट्रेनिंग पर खर्च हुए 1.52 लाख रुपए जमा करवाने को लेकर नोटिस भी जारी कर दिया गया। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 225 दिन उनकी ट्रेनिंग चली और प्रतिमाह उन पर सरकार के 20280 रुपए खर्च हुए। वहीं प्रियंका इस्तीफा मंजूर होने के बाद से परेशान हैं। उनका कहना है कि गुस्से में उन्होंने यह कदम उठाया अगर किसी अधिकारी ने उन्हें समझाया होता तो वह मान गई होती।

LIVE TV