लंदन से फरीदाबाद तक छाया योग दिवस


अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवसनई दिल्ली
| आज अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस के दिन और पूरे देश में योग के हजारों कार्यक्रम हुए| ये दिन सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है बल्कि पूरी दुनिया में आज इस दिन को मनाया गया| लंदन से लेकर मेलबर्न और न्यूयॉर्क से लेकर जोहानिसबर्ग तक हर जगह हजारों योग प्रेमियों ने दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर चटाई बिछाकर जटिल योग क्रियाएं कीं|

अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस

दिसंबर 2014 में यूएन की जनरल असेंबली द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस घोषित किया गया था। इसके बाद पिछले साल भारत और पूरे वर्ल्ड में पहला अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस मनाया गया था।

इस मौके पर हर जगह के लोगों का यही कहना था कि योग भारत से भले ही शुरू हुआ है, लेकिन दुनिया के हर हिस्से में सभी तबके के लोग इसे करते हैं और यह हर किसी से जुड़ा हुआ है| आइये जानते हैं कि दुनिया के अलग अलग हिस्सों में इस दिन को किस ख़ास अंदाज़ में मनाया गया|

लंदन

लंदन में भारतीय उच्चायोग और भारत सरकार के पर्यटक कार्यालय में इस दिन को मनाने के लिए पिछले कई दिनों से कई कार्यक्रम चलाये जा रहे थे| इस दिन को ख़ास बनाने के लिए 14 ब्रिटिश योग संस्थानों ने एक साथ मिलकर इस ज़िम्मेदारी को संभाला हुआ था| यहाँ टॉवर ब्रिज के समीप पोटर्स फील्ड्स पार्क में हुए योग कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।

दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहानिसबर्ग के जू-लेक पार्क में मुख्य कार्यक्रम में सभी धर्मों एवं जातियों के सैकड़ों योग उत्साहियों ने योग किया। जबकि पूरे दक्षिण अफ्रीका में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर हजारों लोग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने पहुंचे।

ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया में कैनबरा और मेलबर्न सहित कई शहरों में दूसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। यहाँ सभी लोगों ने नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना की और कहा कि योग की प्राचीन पद्धति दुनिया के प्रति भारत का एक उपहार है।

चीन

चीन में भी बड़ी संख्या योग प्रेमियों ने भारतीय दूतावास के साथ मिलकर मनाए गए योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। चीन के वुक्सी शहर में सबसे बड़ा योग कार्यक्रम हुआ जिसमें 35 हजार लोग शामिल हुए। यह कार्यक्रम वुक्सी हॉलीवुड स्टूडियो में हुआ।

अमेरिका

अमेरिका में तो बाकायदा योग सप्ताह चल रहा है| यहाँ योग प्रेमी एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरुक रहने वाले अमेरिकी भरतनाट्यम, कथक, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्म जैसे नृत्य का आनंद लेने तथा प्रशिक्षित योग निर्देशकों के मार्गदर्शन में योग क्रियाएं करने बड़ी संख्या में पहुंचे।

पोलैंड

पोलैंड में भी दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम रही। हजारों की संख्या में लोगों ने योग सत्रों में हिस्सा लिया। पोलैंड में ऐसे लोगों की बड़ी संख्या है, जिनके लिए योग जीवन जीने का एक तरीका बन चुका है।

फ्रांस

फ्रांस की राजधानी पेरिस में इंदटरनेशनल योगा डे को बड़े जोर-शोर से मनाया गया| यहाँ भी योग को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज़ देखने को मिला| इस मौके पर लगभग सभी उम्र के हजारों लोगों ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया।

भारत में हुए कार्यक्रम

दूसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मंगलवार (21 जून) को भारत में कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गये| भारत में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम चंडीगढ़ में हुआ| कैपिटल कांप्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे| इस कार्यक्रम में लगभग 30,000 हजार लोगों ने हिस्सा लिया|

भारतीय नेवी ने कुछ इस अंदाज़ में किया योग
भारतीय नेवी ने कुछ इस अंदाज़ में किया योग

इस मौके पर रीजनल स्तर के 10 मेगा इवेंट हुए| ये इवेंट वाराणसी, इंफाल, जम्मू, शिमला, वडोदरा, लखनऊ, बेंगलुरू, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर और होशियारपुर में आयोजित किए गये| साथ ही साथ भारत की 391 यूनिवर्सिटीज, 16 हजार कॉलेज और 12 हजार स्कूलों में भी कार्यक्रम आयोजित किये गये|

बाबा रामदेव ने बनाया रिकॉर्ड

विश्वभर में योग को अलग पहचान दिलाने वाले बाबा रामदेव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग के तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाये| हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने एक लाख से ज्यादा लोगों के साथ योग करके गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाया है।

फरीदाबाद में कुछ यूँ दिखा नज़ारा
फरीदाबाद में कुछ यूँ दिखा नज़ारा

इस कार्यक्रम में रोहताश चौधरी ने 80 पौंड वजन उठाकर 1 मिनट में 51 पुश अप लगाई। चौधरी इससे पहले बिना वजन उठाए 10 हजार पुश अप लगा चुके हैं। योग दिवस पर यह भी रिकॉर्ड बना है।

वहीँ, 408 लोगों ने एक साथ 5 सेकंड शीर्षासन कर पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिटिजन लैंड के नाम था जहां 265 लोगों ने एक साथ 5 सेकंड तक शीर्षासन किया था।

LIVE TV