राजस्व विभाग की नियमावली में संशोधन, ऊंचे दर्जे के साथ होंगी नई भर्ती

 

राजस्व विभागलखनऊ। राजस्व विभाग में राजस्व निरीक्षकों के पद अब केवल पदोन्नति से भरे जाएंगे। इसके लिए भर्ती नियमावली में संशोधन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विभागीय प्रस्ताव पर 500 राजस्व निरीक्षकों के नए पदों को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में जल्द ही शासनादेश जारी करने की तैयारी है।

राजस्व विभाग में लेखपाल, अमीन व रजिस्टार कानूनगो को कानूनगो (अब राजस्व निरीक्षक) के 75 फीसदी पदों पर पदोन्नति देने की व्यवस्था है। राजस्व निरीक्षक के पदों पर सालों से पदोन्नतियां नहीं हुई हैं। इसलिए लेखपालों ने सीधी भर्ती के लिए आरक्षित 25 फीसदी पदों पर भी पदोन्नति कोटे में शामिल करने का अनुरोध किया था। लेखपालों ने यह भी तर्क दिया था कि सालों से पदोन्नति न मिलने की वजह से उन्हें वरिष्ठता का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

राजस्व विभाग ने इसके आधार पर 500 नए पद सृजित करने का प्रस्ताव तैयार करते हुए मुख्यमंत्री से मंजूरी के लिए भेजा था। मुख्यमंत्री ने राजस्व निरीक्षक के नए पदों को मंजूरी दे दी है। इसी बीच उच्चधिकारियों की बैठक में लेखपाल, अमीन व रजिस्टार को राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति देने के लिए बनी नियमावली पर विचार-विमर्श में पाया गया कि वरिष्ठता सूची काफी लंबी है। इसलिए सभी को पदोन्नति एक साथ दे पाना संभव नहीं है।

वरिष्ठता सूची के आधार पर सभी को पदोन्नति देना है तो नियमावली में संशोधन जरूरी होगा। बैठक में तय हुआ कि इसके लिए नियमावली में संशोधन किया जाए। इसके आधार पर कैबिनेट मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजने की तैयारी है।

LIVE TV