अखिलेश की नसीहत, चादर देखकर पैर फैलाए भाजपा

मुख्यमंत्री  लखनऊ| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नसीहत देते हुए कहा कि उसे राज्यसभा चुनावों में अपनी चादर को देखते हुए पैर फैलाना चाहिए था। मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी राज्यसभा और विधान परिषद की सभी सीटों का चुनाव जीतेगी। ये चुनाव बेहद साफ-सुथरे तरीके से कराये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री की भाजपा को नशीहत  

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने वोटों के आधार पर भाजपा को एक प्रत्याशी राज्यसभा के चुनाव में उतारना चाहिए था। गौरतलब है कि भाजपा ने अपने एक उम्मीदवार के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति महापात्रा का भी राज्यसभा चुनाव के लिए समर्थन किया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कानून व्यवस्था से संबंधित एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छी तरह से जानती है कि गुजरात में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति रही है।

जमीन कब्जे की शिकायत को लेकर भाजपा की ओर से जारी किए गए ई-मेल आईडी के बाबत मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है। हम भी जल्दी ही वाट्सएप नंबर जारी करेंगे। अखिलेश ने कहा कि सपा के शासनकाल में प्रदेश के लिए अधिक से अधिक बेहतर काम करने का प्रयास किया है। प्रदेश में विकास का माहौल बनाया। नतीजतन यहां निवेश और कारोबार बढ़ा है। सपा सरकार प्रदेश की जनता की आंख और कान बनकर काम रही है। उनकी सरकार सकारात्मक सोच के साथ प्रदेश के तरक्की के काम में लगी है।

LIVE TV