मिजोरम में भूस्खलन से पांच की मौत, मार्ग बाधित

मिजोरमआइजोल| मिजोरम की राजधानी आइजोल में शनिवार को भारी बारिश के बाद हुई भीषण भूस्खलन में मकान ढह जाने से दो परिवारों के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जिसमें एक बच्ची भी थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, लगातार जारी भारी बारिश में लुंग्वेल गांव में तीन मकान भूस्खलन की चपेट में आकर बह गए, जिसमें एक दंपति और उनकी चार वर्ष की बेटी की मौत हो गई। हालांकि उनका 11 वर्ष का बेटा किसी तरह बच गया। उसे हल्की चोटें आई हैं।

मिजोरम पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “बच्ची और उसकी मां के शव घटनास्थल से ही बरामद कर लिए गए, हालांकि पिता का शव दो किलोमीटर बहकर चला गया था।”

मिजोरम के अन्य पहाड़ी इलाकों से भी भूस्खलन की खबरें आई हैं। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, बहकर आए मलबे, टूटे पेड़ और बिजली के खंभों के गिरने के कारण कई राजमार्ग बाधित हो गए।

राज्य के कई जिलों में दूरसंचार सेवाएं ठप हो चुकी हैं और बिजली की आपूर्ति भी बाधित हुई है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शनिवार को त्रिपुरा, मिजोरम और कई अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

LIVE TV