मध्य प्रदेश उपचुनाव,कांग्रेस को बड़ा झटका, दमोह से कांग्रेस विधायक राहुल लोधी ने पद से इस्तीफा दिया

मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के बीच कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है, दमोह से कांग्रेस विधायक राहुल लोधी ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा को सौंप दिया।

जानकारी के मुताबिक कमल नाथ को इस बात की आशंका थी कि राहुल लोधी उनका साथ छोड़ सकते हैं, इस दौरान उन्होंने लोधी से बात भी की थी। लेकिन उपचुनाव के पहले यह कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके बाद उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि मध्य प्रदेश उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीते।

वहीँ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने राहुल लोधी के भाजपा में शामिल होने पर सीएम शिवराज पर हमला बोला है। दिग्विजय ने ट्वीट कर कहा ‘मामा के झोले की काली कमाई में एक और विधायक बिका। लगता है भाजपा में असली भाजपाईयों से अधिक  बिके गद्दार कांग्रेसी मामा भर देगा। मुझे उन ईमानदार संघ व भाजपा के कार्यकर्ताओं पर दया आती है जिन्होंने भाजपा को यहां तक पहुंचाया। जयंत मलैया जी कहाँ है?

वहीँ शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, ‘कांग्रेस नेताओं को ये कहते हुए शर्म नहीं आती, क्या पूरी कांग्रेस ही बिकाऊ है। इतने वर्षो से जो आपके साथ रहे, आपके साथ काम किया, आपने टिकट दिया और आज आप सब को बिकाऊ कह रहे हैं। सच बात ये है कि जब आप की सरकार थी तो आपने पुरे प्रदेश को बेच दिया था।’

जुलाई में राहुल लोधी के चचेरे भाई और प्रद्युम्न सिंह लोधी ने बड़ा मलहरा के विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। अब वे बड़ा मलहरा से भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे हैं। उस समय राहुल लोधी ने कहा था कि मैं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में नहीं जाऊंगा। लेकिन आज वे विधायक पद छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

राहुल लोधी के कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर कहा कि ‘प्रदेश पर 25 उपचुनाव थोपने वाली भाजपा अभी भी बाज नहीं आ रही है, लोकतंत्र की हत्या का खेल, सौदेबाज़ी का खेल अभी भी जारी है। चुनाव में अपनी संभावित हार देखते हुए खरीद फरोख्त का खेल फिर शुरू कर दिया है।

जनता खुली आंखों से सब देख रही है, चुनाव में करारा जवाब देगी। प्रदेश को देश भर में इतना कलंकित करने के बाद भी इनका पेट नहीं भरा है, अभी भी प्रदेश के मतदाताओं का, जनादेश का अपमान करने में लगे हुए हैं। इनकी घृणित राजनीति का अगला शिकार जयंत मलैया हुए हैं। भाजपा अपने ईमानदार-निष्ठावान कार्यकर्ताओं का निरंतर हक मारते जा रही है।’

LIVE TV