फुटबाल : कड़े मुकाबले में भारत ने कम्बोडिया को 3-2 से हराया

भारतीय फुटबाल टीमनई दिल्ली।  भारतीय फुटबाल टीम ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय दोस्ताना मुकाबले में कम्बोडिया को कड़े मैच में 3-2 से हरा दिया। भारत को 28 मार्च को एएफसी एशियन कप क्वालीफायर में म्यांमार के खिलाफ खेलना है और यह मैच उसी की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा था।

भारत छह महीने के अंतराल के बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला खेल रहा था। इससे पहले उसने पिछले साल सिंतबर में प्योटरे रिको के खिलाफ दोस्ताना मैच खेला था, जिसमें 4-1 से जीत दर्ज की थी।

भारत के मुख्य खिलाड़ी सुनील छेत्री ने 36वें मिनट में गोल कर मेहमानों का खाता खोला। एक मिनट बाद ही खुओन लाब्रोवी ने मेजबानों के लिए गोल दाग स्कोर 1-1 कर लिया। पहले हाफ की समाप्ति इसी स्कोर के साथ हुई।

दूसरे हाफ में जेजे लालपेख्लुआ और संदेश झिंगन ने 50वें और 54वें मिनट में गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। लेकिन कम्बोडिया के चान वाटनाका ने 62वें मिनट में गोल दाग मेहमानों की परेशानी को बढ़ा दिया।

यहां से कंबोडिया ने मैच में वापस आने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। भारत ने भी इसके बाद गोल करने के कई प्रायस किए लेकिन 3-2 के स्कोर पर ही मैच समाप्त हुआ।

LIVE TV