LiveToday Exit Poll: यहां देखिए नतीजों से दो दिन पहले का ट्रेलर, मोदी लहर बरकरार

भारतीय जनता पार्टीलखनऊ। यूपी विधानसभा की 403 सीटों पर हुए चुनावों का असल फैसला तो 11 मार्च को ही आएगा। लेकिन इन  चुनावों से पहले लाइव टुडे के एग्जिट पोल में फिलहाल भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाती हुई दिख रही है। सात चरणों में हुए इन चुनावों में भाजपा ने लगातार अपनी बढ़त को कायम रखा है।

भारतीय जनता पार्टी की जीत?

पहले चरण के 73 सीटों पर हुए मतदान में चौकाने वाले रुझान सामने आए हैं। भाजपा इन 73 सीटों में से 33 पर जीत हासिल करती हुई दिख रही है।

वहीं सपा जो कि इन चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मैदान में उतरी है। 17 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर जगह बनाए हुए है।

इसी प्रकार इन 73 सीटों में से बसपा के हाथ 15 सीटें लगने का अनुमान है तो कांग्रेस को 3 और अजीत सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल को 4 सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है।

वहीं दूसरे चरण की बात की जाए तो यहाँ भी भाजपा पहले चरण की तरह विरोधी पार्टियों से काफी बढ़त बनाती हुई नज़र आ रही है। दूसरे चरण की 67 सीटों में से 27 पर भगवा झंडा लहराता दिख रहा है। तो सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी यहाँ भी 18 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

बसपा का हाथी सुस्त चाल के साथ तीसरे स्थान पर 16 सीटों पर आगे बढ़ता नज़र आ रहा है। वहीं कांग्रेस अपने पुराने ढर्रे पर चलती हुई पांच सीटों पर विजय हासिल करती हुई दिख रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि राष्ट्रीय लोक दल का यहाँ खाता भी खुलता नहीं दिख रहा है। वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी भी जीत दर्ज कर सकता।

तीसरे चरण की बार करें तो बीजेपी को सबसे ज्यादा फायदा इसी चरण में होता हुआ दिखाई दे रहा है। इस चरण की 69 सीटों में से 34 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी जीत का झंडा गाडती हुई दिख रही है।

पहले दो चरणों की तरह ही समाजवादी पार्टी यहाँ भी 19 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर खड़ी दिख रही है। बसपा का हाथी यहाँ भी अपनी सुस्त चाल के चलते 11 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर मजबूती से टिका नजर आया।

वहीं कांग्रेस अपने पुराने इतिहास को दोहराते हुए सिर्फ चार सीटों पर ही जीतती हुई दिख रही है। इन चुनाव में नुक्सान में नज़र आ रही रालोद यहाँ भी कोई सीट नहीं हासिल कर पाई तो निर्दलीय प्रत्याशी के हाथ सिर्फ एक सीट लगती दिख रही है।

अब बात करते हैं चौथे चरण की जहां 53 सीटों में से भाजपा के हाथ सिर्फ 20 सीटें लगती दिख रही हैं तो सपा के 12, बसपा के 13 और कांग्रेस के 7 प्रत्याशी जीत की राह पर चलते दिख रहे हैं।

रालोद का डिब्बा यहाँ भी गोल रहा और उसके हाथ खाली दिख रहे हैं। इस चरण में भी एक निर्दलीय प्रत्याशी जीत का परचम लहराता दिख रहा है।

पांचवे चरण की 52 सीटों में से भाजपा 23, सपा 15, बसपा 11, कांग्रेस 02 और एक निर्दलीय जीतता हुआ दिख रहा है।

इसी प्रकार छठे चरण में भाजपा 19, सपा 09, बसपा 14 और कांग्रेस 07 सीटों पर जीत हासिल करती हुई दिखाई दे रही है।

चुनाव के अंतिम और सातवें चरण के किले को भेदते हुए 40 सीटों में से भाजपा 24, सपा 8, बसपा 06 और कांग्रेस 02 सीट हासिल करती हुई नज़र आई।

इन सातों चरण की 403 सीटों का टोटल अगर देखा जाए तो भाजपा बहुमत के आंकड़े से थोड़ा ही पीछे लग रही है।

लाइव टुडे के सर्वे के मुताबिक़ बीजेपी 180 सीटों पर, सपा और कांग्रेस गठबंधन को 128 (क्रमश: 98+30) सीटें जीतती दिख रही है। वहीं बसपा का हाथी इस रेस में 86 सीटों के साथ रेस से लगभग बाहर होता दिखाई दे रहा है। वहीं इस चुनाव में 5 निर्दलीय उम्मीदवार भी जीत की राह में अग्रसर दिख रहे हैं।

 

LIVE TV