केंद्र सरकार जल्द देगी बेरोजगारों को तोहफा, आने वाली हैं लाखों नौकरियां

बेरोजगारोंनई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बेरोजगारों को बड़ा तोहफा देने का मन बना लिया है। केंद्र सरकार अगले फाइनैंशल इयर में 2.83 लाख नई नौकरियां निकालेगी। हाल ही में वित्त मंत्री अरुण जेटली की ओर से पेश किए गए बजट में यह अनुमान जताया गया है।

वित्त मंत्री के मुताबिक सरकार फाइनैंशल इयर 2017-18 में ये नौकरियां निकालेगी। 2016 में केंद्रीय प्रतिष्ठानों में जहां 32.84 लाख कर्मचारी कार्यरत थे, 2018 तक इस आंकड़े को 35.67 लाख करने की योजना बनाई जा रही है। गृह मंत्रालय में 6,076 और कर्मचारियों की भर्ती होगी और 2018 तक मिनिस्ट्री में कुल एंप्लॉयीज का आंकड़ा 24,778 तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

यही नहीं नए गठित किए गए स्किल डिवेलपमेंट ऐंड आंत्रप्रेन्योर्शिप मिनिस्ट्री में भी 2018 तक 2,027 कर्मचारियों को भर्ती करने की योजना है। 2016 में इस मंत्रालय में महज 53 कर्मचारी ही थे। कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि अतिरिक्त वर्कफोर्स के जरिए केंद्र सरकार को जनता से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा पुलिस विभागों में ही 1.06 लाख पुलिसकर्मी बढ़ाने की योजना है। अगले साल पुलिस बल की संख्या 11,13,689 हो जाएगी। 2016 के आंकड़े बताते है कि केंद्र सरकार के मातहत काम करने वाले पुलिस विभागों में 10,07,366 पुलिसकर्मी हैं। बजट के दस्तावेजों के मुताबिक विदेश मंत्रालय में फिलहाल 9,294 कर्मी हैं, अगले वित्तीय वर्ष में इनमें 2,109 की बढ़ोत्तरी की जाएगी।

 

LIVE TV