बाढ़ में बह रहा महाराष्ट्र, जमीन में धंसे 36 लोगों की मौत, कई लापता

महाराष्ट्र में भारी बारिश और नदियों में उफान आने से लोग बुरी फंस गए हैं। मुंबई से सटे रायगढ़ जिले के महाड में कुल तीन जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिसके कारण कई घर दब गए हैं, जिसमें 36 लोगों की मौत हुई है। यहां के तलई में 32 लोगों की मौत हुई है और साखर सुतार वाड़ी में चार लोगों की मौत हुई है। दोनों जगहों पर करीब 15 लोगों को बचाया गया है। वहीं 30-35 लोगों की अभी भी तलाश जारी है। इसके साथ ही 70 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। महाड और खेड में NDRF और कोस्टगार्ड की मदद ली जा रही थी। अब बचाव के लिए नौसेना की टीम भी मदद कर रही है।

जिला कलेक्टर, रायगढ़ कलेक्टर निधि चौधरी ने समाचार एजेंसी एएनआई को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में भूस्खलन से कुल 36 लोगों की मौत हुई, इनमें तलाई इलाके में 32 और सखार सुतार वाड़ी में चार की जान चली गई। मौसम विभाग ने बढ़ते खतरे को देखते हुए अगले तीन दिन के लिए कोंकण, मुंबई और इसके आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं एनडीआरएफ की टीम पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। कोंकण डिवीजन में अभी तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही करीब 700 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

महाराष्ट्र के कोंकण रेलवे मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गई और करीब छह हजार यात्री फंस गए है। भारी बारिश की वजह से मुंबई सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। कोल्हापुर जिले में भारी बारिश के चलते सड़कों के जलमग्न हो जाने पर करीब 47 गांवों का संपर्क टूट गया है और 965 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।

LIVE TV