बंगाल में भाजपा पर फिर हमला: बीजेपी के रोड शो पर पथराव, शुभेंदु अधिकारी समेत कई नेता शामिल थे

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। तीखी बयानबाजी के बाद आगे रहने की होड़ अब हिंसक होने लगी है। ताजा मामला कोलकाता का है। यहां सोमवार को भाजपा के रोड शो पर पथराव हुआ। इस रोड शो में केंद्रीय मंत्री देबाश्री चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और TMC छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी शामिल थे।

इस घटना के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस रैली के लिए पुलिस की अनुमति ली गई थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। यह रणनीति काम नहीं करेगी, क्योंकि पश्चिम बंगाल के लोग हमारे साथ हैं। वे बदलाव चाहते हैं।

भाजपा नेताओं ने हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगाया है। बताया जाता है कि इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में झड़प भी हुई। TMC की महिला विंग ने भाजपा नेताओं को काले झंडे भी दिखाए। इससे पहले पश्चिम बंगाल दौरे पर गए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर बीते 10 दिसंबर को तृणमूल (TMC) समर्थकों ने पथराव किया था। इसमें बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय समेत पार्टी के कुछ नेता घायल हो गए थे।

LIVE TV