प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे मोजाम्बिक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीमापुतो (मोजाम्बिक): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह मोजाम्बिक पहुंच गए। वह चार अफ्रीकी देशों की यात्रा के पहले चरण के तहत यहां पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया, “मोदी गुरुवार सुबह मोजाम्बिक पहुंचे। महत्वपूर्ण वार्ता का इंतजार।”

मोदी मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यूसी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। वह मोजाम्बिक की नेशनल एसेंबली की अध्यक्ष वेरोनिका माकोमो से भी मुलाकात करेंगे।

उनके अन्य कार्यक्रमों में मालौना में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पार्क में छात्रों से भी मुखातिब होना और मोजाम्बिक में रह रहे भारतीय समुदाय से रू-ब-रू होना भी शामिल है। मोदी गुरुवार शाम दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केन्या भी जाएंगे

यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अफ्रीकी महाद्वीप की पहली आधिकारिक यात्रा है। वह दक्षिण अफ्रीका के बाद तंजानिया और केन्या भी जाएंगे।

LIVE TV