पूर्व CM कल्याण सिंह की हालत नाजुक, पीजीआई पहुंची उमा भारती

लखनऊ के पीजीआई में भर्ती यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। उनके गुर्दे तीन दिन से ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नंजर बनाए हुए है।इसी बीच मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती पीजीआई पहुंची है। जहां उन्होंने कल्याण सिंह का हालचाल लिया। उमा भारती ने डॉक्टरों और परिजनों से उनके स्वास्थ्य के बारे में बातचीत भी की। कल्याण सिंह बीते एक हफ्ते से लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। इससे पहली यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कल्याण सिंह से मिलने पीजीआई गए थे।

उमा भारती ने कहा , आज जब मैं पीजीआई लखनऊ में अपने बड़े भाई उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याणसिंह का हालचाल जानने के लिए उनके सामने पहुंची तो जैसे यादों के गलियारों में पहुँच गई। आदरणीय कल्याणसिंह जी भारत के राजनीति की दुर्लभ व्यक्तित्व हैं । मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वह हम सब लोगों के बीच स्वस्थ होकर जल्द वापस आएं।

बता दें कि कल्याण सिंह को 4 जुलाई को पीजीआई शिफ्ट किया गया था। क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में उपचार होने के करीब चार दिन बाद कल्याण की तबीयत में काफी सुधार हुआ। वह लोगों से बातचीत करने के साथ उनका जवाब भी दे रहे थे। वहीं, 17 जुलाई को सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया।

LIVE TV