पुलिस प्रताड़ना से परेशान महिला ने DM से की अपने बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की मांग !

रिपोर्ट – गोपाल चतुर्वेदी

राजस्थान : जिले के रावतभाटा उपखंड में रहने वाली एक महिला ने पुलिस की प्रताड़ना से परेशान होकर अपने दो मासूम बच्चों के साथ जिला कलेक्टर के समक्ष पेश होकर इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है | मामले में पुलिस पर कांग्रेस के बेंगू के विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के दबाव में काम करने के आरोप लगाए हैं |

जानकारी के अनुसार रावतभाटा क्षेत्र में रहने वाली पुष्पा पत्नी नारायण गुर्जर अपने 6 वर्षीय पुत्र रोहन व 8 वर्षीय पुत्री माही के साथ आज सुबह जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची और जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम इच्छा मृत्यु का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया |

महिला ने बताया कि रावतभाटा चेयरमैन धर्मेंद्र तिलानी की कार पर पथराव हुआ | इस मामले में उसके पति नारायण समेत कुछ लोगों को पुलिस ने आरोपी बनाया है | घटनाक्रम के बाद से ही उसका पति गायब है और उसका पता जानने के लिए पुलिस उसे परेशान कर रही है |

30 मई दोपहर 2:00 बजे रावतभाटा थाना पुलिस उसके घर पर आई और जबरन तलाशी ली इसके बाद उसे थाने ले जाया गया जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तृप्ति विजयवर्गीय पुलिस उप अधीक्षक हर थाना अधिकारी कृष्ण गोपाल गढ़वाल ने उसे प्रताड़ित किया |

उसके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कुछ महिला पुलिसकर्मियों ने मारपीट भी की | रात 8:00 बजे परिजनों के पहुंचने पर महिला को थाने से छोड़ा गया | उसके बाद से लगातार पुलिस उसे परेशान कर रही है |

 

अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी, पुलिस कर रही जांच !

 

महिला अपने बच्चों के साथ घर बार छोड़कर दर-दर भटकने को मजबूर है | दबाव और प्रताड़ना के चलते महिला ने परेशान होकर इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है |

इस पूरे मामले में महिला ने स्थानीय विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के दबाव में पुलिस पर कार्य करने के आरोप लगाए हैं | वहीं जब इस मामले में थाना अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कैमरे पर बात करने से मना करते हुए पुलिस महानिदेशक द्वारा जानकारी देने से मना करने की बात कही है |

कल रात से भूखे बच्चों को लेकर यह महिला रावतभाटा से निकली और आज जिला कलेक्टर के समक्ष राष्ट्रपति के नाम इच्छा मृत्यु का आवेदन प्रस्तुत किया है |

 

https://www.youtube.com/watch?v=XdL3x4FVJPo&t=7s

LIVE TV