तेज रफ़्तार ने ली वेटलिफ्टिंग के चार नेशनल खि‍लाड़ि‍यों की जान

वेटलिफ्टर्सनई दिल्ली। दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास रविवार को घने कोहरे के कारण एक कार दुर्घटना में राष्ट्रीय स्तर के चार वेटलिफ्टर्स की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हुए दो भारोत्तोलकों में एक विश्व चैम्पियन शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंधु सीमा के नजदीक दिल्ली के अलीपुर गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुई।

भारोत्तोक दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग -1 पर एक स्विफ्ट डिजायर कार में यात्रा कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि कोहरे के कारण दृश्यता कम थी, लेकिन फिर भी कार तेज गति से चल रही थी।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए भारोत्तोलकों की पहचान टीकमचंद (27), योगेश (24), हरीश रॉय (20) और सौरभ (18) के रूप में हुई है।

सलाखों के पीछे पहुंचा तेंदुलकर की बेटी को धमकी देने वाला

इन पीड़ितों को नरेला के राजा हरीशचंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि देश के लिए 2017 में भारोत्तोलन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सक्षम यादव और एक अन्य भारोत्तोलक रोहित (19) गंभीर रूप से घायल हो गए।

यादव और अन्य घायल भारोत्तोलक को इलाज के लिए तत्काल नई दिल्ली के शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया।

इसके कुछ समय बाद यादव को अखिल भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

एम्स के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा, “यादव की हालत अब भी गंभीर है, क्योंकि उसे कई चोटें आई हैं। उनके सिर के अंदरुनी हिस्से में खून बह रहा है।”

आधिकारी के अनुसार, कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर एक बिजली के खंभे से भिड़ गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि उसके कारण कार की छत तक उड़ गई।

अधिकारी ने कहा, “इस दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए सभी भारोत्तोलक हरियाणा के हैं और वे उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में अलग-अलग स्थानों पर रहते थे। वे सभी शनिवार को रोहित का जन्मदिन मनाने के लिए करनाल (हरियाणा) गए थे।”

उन्होंने कहा, “प्रथमदृष्टया, ऐसा प्रतीत होता है कि कार की गति काफी तेज थी। इस कारण चालक बिजली के खंभे को नहीं देख पाया। कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। इसलिए संभवत: यह नशे में गाड़ी चलाने का मामला भी है।”

दुर्घटना में घायल हुए भारोत्तोलक अस्पताल में अभी बेहोशी की हालत में हैं। यह दुर्घटना तब हुई जब वे सभी दिल्ली लौट रहे थे।

LIVE TV