दादी-नानी के नुस्‍खे : हेल्‍थ के साथ आपको खूबसूरती भी देगा दही

दादी-नानी के नुस्‍खे

हमारे खाने-पीने की चीजों में कुछ ऐसी चीजें भी शामिल हैं जिनमें सेहत का खजाना छिपा है। उन्‍हीं मे एक है दही। आज दादी-नानी के नुस्‍खे में हम दही के लाभकारी गुणों के बारे में जानेंगे।

दही हमारे खाने में महत्वपूर्ण स्‍थान रखता है। थाली में दही होने का मतलब है कि आपकी थाली स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्ट‍िक भी है।

दही में मौजूद तत्व शरीर को कई तरीके से फायदा पहुंचाते हैं। ये प्रो-बायोटिक फूड कैल्शियम से भरपूर होता है। कैल्शियम की उपस्थिति दांत और हड्डियों को मजबूती देने का काम करती है।

कैल्शियम के साथ ही ये विटामिन और दूसरे ऐसे कई पोषक तत्वों से भी भरपूर है जो शरीर के लिए जरूरी होते हैं। दही पाचन क्रिया के लिए भी बहुत कारगर है। य‍हां कुछ ऐसे ही कारणों का उल्लेख है जिससे ये साबित होता है कि दही खाना स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद है।

हर रोज एक चम्मच दही खाने से भी रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसमें मौजूद बैक्टीरिया इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाते हैं।

दांतों के लिए फायदेमंद

दही दांत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम और फॉस्फोरस उपस्थित होता है। ये हड्ड‍ियों की मजबूती के लिए भी बहुत फायदेमंद है। ये ऑस्ट‍ियोपोरोसिस और गठिया में राहत देने का काम करता है।

वजन घटाने में कारगर

दही में बहुत अधिक मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है। ये एक ऐसा तत्व है जो शरीर को फूलने नहीं देता है और वजन को भी बढ़ने नहीं देता है।

तनाव कम करने में

दही खाने का सीधा संबंध मस्त‍िष्क से है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि दही का सेवन करने वालों को तनाव की शिकायत बहुत कम होती है। इसी वजह से विशेषज्ञ रोजाना दही खाने की सलाह देते हैं।

अगर आप खुद को बहुत थका हुआ महसूस कर रहे हैं तो हर रोज दही खाना आपके लिए अच्‍छा रहता है। ये शरीर को हाइड्रेटेड करके एक नई ऊर्जा देता है।

सौंदर्य को बढ़ाता है दही

बाल धोने से एक घंटा पहले यदि बालों में दही लगाने के बाद बालों को धुल दें। इसके बाद कंडीशनर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।
चोकर के साथ दही मिलाकर लगाने से ब्लैक हैडस कम होते हैं।

दही में बेसन मिलाकर उबटन की तरह लगाने से त्वचा अच्‍छी तरह से साफ हो जाती है।
दही में शहद मिलाकर बालों पर लगाने से यह कंडीशनर का काम करता है।

मुल्तानी मिट्टी के साथ दही अच्छे क्लीजिंग एजेंट का काम भी करता है।
दही चेहरे, गर्दन व बाजू आदि के सौंदर्य को तो निखारता ही है, साथ ही यह बालों को पोषण देने में भी बहुत सहायक है।

LIVE TV