नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए दिल्ली समेत देश के बाकी हिस्सों में मतदान रविवार को होना है और इससे पहले एक स्मार्टफोन ऐप वोटर्स के लिए सुविधा लेकर आया है। Woogly नाम का ये ऐप जहां यूजर्स को उनके नजदीकी मॉल, मार्केट्स या हॉस्पिटल की लोकेशन बताता है, अब इसमें एक क्लिक पर वोटर्स अपना पोलिंग बूथ भी जान सकेंगे।
पूरे दिल्ली क्षेत्र के लिए इस ऐप की मदद से यूजर्स अपना पोलिंग बूथ न सिर्फ जान सकेंगे बल्कि उसकी लोकेशन तक नेविगेट भी कर सकेंगे। इस तरह आसानी से बूथ पर पहुंचा जा सकेगा। राजधानी दिल्ली में बड़े वोटरबेस के अलावा 12 हजार पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
वूग्ली ऐप के फाउंडर और सीईओ तरुन पुंडीर ने कहा, ‘कई बार पोलिंग बूथ दूर-दराज के ऐसे क्षेत्रों में बनाए जाते हैं, जिनके बारे में वोटर्स को पता नहीं होता और उन्हें अपना बूथ ढूंढने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है।’ पुंडीर ने कहा कि यह स्थिति इसलिए और मुश्किल हो जाती है क्योंकि दिल्ली की जनसंख्या का बड़ा प्रतिशत देशभर के बाकी क्षेत्रों से आए लोगों का है।
वूग्ली ऐप पर सभी पोलिंग बूथ्स को मैप पर मार्क किया गया है और पोलिंग बूथ के नाम के अलावा बूथ नंबर से भी इसे सर्च किया जा सकता है। वूग्ली के होम पेज पर ‘Polling booths in Delhi’ पर टैप करने के साथ ही आप दिल्ली के पोलिंग बूथ सर्च कर सकते हैं। यह ऐप मैप पर बूथ दिखाता है और इस तक जाने का रास्ता भी मैप पर देखा जा सकता है।