बहादुर अल्का ने चेन स्नेचर से चबवाए ‘लोहे के चने’

चेन स्नेचर
Demo Pic

लखनऊ। बाइक सवार बदमाश घर में घुसकर रेल अधिकारी की पत्नी अल्का के गले से चेन स्नेचर भागने लगा। घटना से घबराने के बजाय वह बदमाश से भिड़ गईं। उनकी पकड़ से छूटने को बदमाश ने हाथापाई कर दी, लेकिन वह अल्का के हौसला नहीं डिगा सका। बदमाश को पकड़ने के प्रयास में वह उसकी बाइक के साथ करीब 50 मीटर तक घिसटती तक चली गईं। घायल अल्का चेन लुटेरे को तो नहीं पकड़ सकीं, लेकिन उनकी बहादुरी दूसरों के लिए मिसाल बन गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। पुलिस ने चेन लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

आशियाना के सेक्टर आइ निवासी आदित्य शुक्ला रेलवे में सीनियर सेक्शन आफिसर हैं। गुरुवार शाम आदित्य दफ्तर में थे। इस बीच उनकी पत्नी अल्का खजाना मार्केट से खरीदारी कर रिक्शे से घर लौटीं। अल्का के मुताबिक वह घर के भीतर दाखिल ही हुई थीं कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली।

हिम्मत का परिचय देते हुए अल्का बदमाश से भिड़ गईं। तभी किसी तरह उनसे छूटकर बदमाश अपनी बाइक पर बैठने लगा। तभी महिला ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से चेन छीनने का प्रयास किया। इस पर बदमाश ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें दो-तीन घूंसे मारे, लेकिन अल्का ने हिम्मत नहीं हारीं। लेकिन बदमाश ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। तो अल्का ने बदमाश की बाइक पकड़ ली और उसे खींचकर गिराने का प्रयास किया। तभी बदमाश ने बाइक दौड़ा दी। जिस पर वह करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गईं।

पकड़ ढीली पड़ने से वह गिर गईं और बाइक सवार बदमाश फरार हो गया। सड़क पर घिसटने के कारण अल्का के बाएं पैर के घुटने में चोट आई है। शोर सुनकर आसपड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए और अल्का को उनके घर पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी अपने पति को दी। जिसके बाद 100 नंबर पर चेन लूट की सूचना दी गई।

अल्का ने बताया कि बदमाश सिलेटी रंग की शर्ट पहने था और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष की थी। वह काले रंग की बाइक पर सवार था। इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाश की तलाश कराई जा रही है।

LIVE TV