यूपी विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को मिली करारी शिकस्त के बाद उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित किया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि संगठन में परिवर्तन किया जाएगाा, इस हार से निराश नहीं हैं। इससे सीख लेकर अच्छे और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को आगे लाकर पांच साल के अंदर आजाद समाज पार्टी को प्रदेश और केंद्र में खड़ा करने का संकल्प लेते हैं।

सहारनपुर में छुटमलपुर स्थित अपने आवास से उन्होंने यह लाइव संबोधन किया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अब वे देश की बड़ी पंचायत में जाने की कोशिश करेंगे। जो कार्यकर्ता और पदाधिकारी संघर्ष की राजनीति नहीं कर सकते, वे खुद ही अलग हो जाएं। अन्यथा केवल आस पास घूमने वाले लोगों को हटाएंगे और अच्छे लोगों को जिम्मेदारी देकर सामने लाया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि वे दूर खड़े होकर आलोचना करने के बजाए साथ आकर कमियां बता उन्हें दूर करते हुए बहुजन आंदोलन को मजबूत बनाए।
चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भाजपा से सीख लें उनके कार्यकर्ता पांच बजे उठकर शाखा में जाते हैं। अब मेहनत ज्यादा करनी है और शोर कम मचाना है। यूपी विधानसभा चुनाव के बाद आजाद समाज पार्टी को मिले वोटों को लेकर लोग मजाक बना रहे हैं लेकिन इससे हिम्मत नहीं हारनी है।