चुनाव नतीजों के बाद होंगी सरकारी नौकरियों में धमाकेदार भर्ती, हो जाए तैयार

सरकारी नौकरी की राह देख रहे हैं तो तैयार हो जाएं। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी हासिल करने का बड़ा अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 27 मई तक सभी विभागों को सृजित पदों के सापेक्ष रिक्त पड़े पदों का डाटा तैयार करने की समय सीमा तय कर दी है।
सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कार्मिक विभाग को जारी हुए पत्र में स्पष्ट निर्देश हैं कि रिक्त पदों पर व्यापक भर्ती अभियान चलाया जाना है। इसके अलावा विभागों को कर्मचारियों की रुकी पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरा करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।

प्रदेश में पिछले दो वर्षों में सरकारी सेवाओं के लिए सीमित भर्तियां हुई हैं, लेकिन अब सरकार भर्तियों के लिए अभियान चलाने की तैयारी में है। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता समाप्त होने के साथ ही विभागों के रिक्त पद भरने की कवायद शुरू हो जाएगी।

पदोन्नतियों से सृजित होंगे रिक्त पद

आचार संहिता के दौरान भर्तियों को विज्ञापन जारी नहीं हो सकता, इसके चलते मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी विभागों, उपक्रमों एवं कार्यालयों से रिक्त पदों का ब्योरा मांगा है। 27 मई तक हर विभाग पदवार सूची कार्मिक विभाग को उपलब्ध करवा देंगे। इसके बाद तिथि तय कर मुख्यमंत्री चरणबद्ध भर्ती अभियान चलाने से संबंधित दिशानिर्देश दे सकते हैं। हजारों की संख्या में प्रदेश में सरकारी पद रिक्त हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्मिक विभाग को जारी दिशानिर्देश के अनुसार निचले स्तर पर कर्मचारियों की रुकी पदोन्नतियां जल्द से जल्द पूरी की जाएं। कर्मचारियों के प्रमोशन से रिक्त पदों की संख्या बढ़ जाएगी, जिन्हें भर्ती अभियान में शामिल किया जाएगा।

LIVE TV