गर्मी में तप रही है दिल्ली, सामान्य से 7 डिग्री अधिक तापमान

इन दिनों गर्मी का सामना कर रही देश की राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक हो गया है। लिहाजा भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने इसे सीवियर हीट वेव (लू) की संज्ञा दी है। दिल्ली में मंगलवार को भी पारा सफदरजंग आर्ब्जवेटरी में 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया था। जबकि कई अन्य इलाकों में पारा 44-45 डिग्री के आसपास भी पहुंच गया था। मौसम विज्ञानी पहले ही कह चुके हैं कि तापमान बढ़ने के कारण राजधानी में मानसून आने में और देरी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर के लोग करीब 15 दिनों से भयानक गर्मी का कहर झेल रहे हैं। इन इलाकों में बारिश न के बराबर हुई है। जबकि मई माह में यहां मौसम काफी सुहाना रहा था। बंगाल और ओडिशा में चक्रवातों के प्रभाव और आंधी के साथ समय-समय पर हुई बारिश के कारण मई इस बार पिछले कई 13 सालों में सबसे कम तापमान वाला रहा था। मौसम विभाग के अनुमानों पर गौर करें तो फिलहाल दिल्ली को तपिश और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक,मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहता है तो उसे हीट वेव माना जाता है। भीषण लू यानी सीवियर हीटवेव तब होती है, जब पारा सामान्य तापमान से 6.5 डिग्री तक ऊपर चला जाता है। लेकिन दिल्ली में तो तापमान सामान्य से सात डिग्री तक ज्यादा हो गया है।

LIVE TV