
तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर आई कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगामी चुनाव के लिए गठबंधन करने पर कहा कि हमारा मकसद भाजपा को हराना है इसके लिए हम परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि हम ओपेन माइंडेड हैं पर हमें गठबंधन से नुकसान होता है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। इसी के साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि हम ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे जिससे हमारे संगठन और पार्टी हित को चोट पहुंचे। हम आगे की परिस्थितियों के हिसाब से अपनी रणनीति तय करेंगे।

इसी के साथ ही कांग्रेस महासचिव ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह बिना रुके और बिना डरे चुनाव तक 24 घंटे काम करें। ताकी हमें जीत हासिल हो। प्रियंका गांधी ने पिछले डेढ़ साल की पार्टी की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि हमने न्याय पंचायत स्तर तक संगठन पहुंचाया है। इस पर हर कांग्रेसी को गर्व होना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में कांग्रेस से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं। संगठन मजबूत हुआ है। जो संगठन हमने बनाया है, उसकी भाग्यरेखा आपके हाथों में है। अगर एकजुट होकर जी-जान से अगले सात महीने हमने काम किया तो विधानसभा चुनाव में अच्छे नतीजे मिलेंगे। 2019 के बाद जहां भी संघर्ष हुए या आम जन परेशानी में पड़े, कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे पहले पीड़ितों के पक्ष में खड़ा हुआ। कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कोरोना में जरूरतमंदों तक सबसे पहले व सबसे ज्यादा मदद पहुंचाई।