किसानों को न तो एमएसपी दर पर फसल का मूल्य मिला और नहीं उनकी आय दुगनी हुई : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सातवें चरण के मतदान के अंतिम प्रचार दिवस पर आजमगढ़, मिर्जापुर, और जौनपुर में 8 धुआंधार चुनावी सभाएं की और जनता से भाजपा सरकार को सात समुद्र पार भेजने और बहुमत की समाजवादी सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार में पूर्वांचल का अभूतपूर्व विकास किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसान-नौजवानों के साथ भाजपा ने बहुत धोखा किया है। किसानों को न तो एमएसपी दर पर फसल का मूल्य मिला और नहीं उनकी आय दुगनी हुई। किसान के धान की लूट हुई। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सब महंगे हो गए। भाजपा ने गरीबों की जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भरने का काम किया है। अन्ना पशुओं की वजह से किसान खेत का रखवाला बनकर रह गया है। भाजपा ने तीन काले कृषि कानून बनाकर किसानों के खेत लेने की कोशिश की। किसानों ने एकजुट होकर 700 से अधिक अपनी जानें गवा कर भाजपा की चाल को विफल कर दिया। भाजपा गरीब, किसान विरोधी है।

 अखिलेश यादव ने कहा कि आज हर घर में एक बेरोजगार बैठा हुआ है। ना नौकरी मिली, ना रोजगार। जहां नौकरी-रोजगार मिलता वह सब भाजपा ने बेच दिया। पांच साल तक भाजपा सरकार में युवाओं को इंतजार करना पड़ा। भाजपा सरकार ने नौजवानों पर लाठियां बरसा कर अपमानित करने का काम किया। बीएड, बीपीएड, टीईटी, शिक्षामित्र, अनुदेशक सभी अपनी मांगो को लेकर भटकते रहे लेकिन इस सरकार में सुनवाई नहीं हुई। 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण की लूट हुई। समाजवादी सरकार में सरकारी विभागों में खाली ग्यारह लाख पदो पर भर्ती निकाल कर नौजवानों को नौकरी दी जाएगी। भाजपा ने दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक हर वर्ग का हक छीना है। समाजवादी सरकार सभी को अवसर और सम्मान देगी। उन्होंने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी दूर करने का काम होगा।

LIVE TV