कानपुर में जीका वायरस का कहर, संख्या बढ़कर हुई 66, अलर्ट पर सभी अस्पताल

उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में जीका वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां 30 और लोगों के संक्रमित होने के बाद जिले में जीका वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर ने जानकारी दी है कि कानपुर में 30 और लोगों में जीका वायरस का संक्रमण पाया गया है। कानपुर में जीका वायरस के मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकारी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

कानपुर के उर्सला अस्पताल के CMS डॉ. अनिल निगम ने बताया कि कानपुर में जीका वायरस के मामले बढ़ने के बाद नगर निगम लगातार सफाई का काम कर रहा है। हालात को देखते हुए लोगों के घरों के बाहर जमा हुआ पानी हटाना, घरों के बाहर स्प्रे और घरों का सर्वे किया जा रहा है। अस्पताल में कुल 10 बेड का वार्ड बनाया गया है। अभी हमारे अस्पताल में जीका वायरस का एक भी मामला नहीं आया है।

जिलाधिकारी के मुताबिक जीका वायरस से संक्रमित लोगों में 45 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह वायरस मच्छरों से फैलता है और इसके खात्मे के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम बुखार के मरीजों और गम्भीर रूप से बीमार लोगों को चिह्नित कर उनका इलाज कर रही है।

LIVE TV