यूपी में बाढ़ पीड़ित भगवान भरोसे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सूबे में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी को बाढ़ से निपटने में असफल बताते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार ने पीड़ितों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। भाजपा का कहना है कि उत्तर प्रदेश में बाढ़ का विकराल रूप जारी है और सरकार का आपदा राहत प्रबंधन शून्य है। सपा सरकार ने बाढ़ से पूर्व बचाव की तैयारी नहीं की। नतीजतन, जनता बरसात के प्रकोप से त्राहि-त्राहि कर रही है।

बाढ़

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नदियां उफान पर है। प्रदेश बाढ़ग्रस्त है। जनता के साथ-साथ पशु भी भूखों मरने पर मजबूर हैं। प्रदेश आपदाग्रस्त हैं। नदियों के तटवर्ती गांवों पूरे के पूरे डूब रहे हैं। उनको सरकारी आपदा सहायता नहीं मिल रही है। भोजन-पानी तथा चारे का संकट है। लोग जीवन-यापन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

मिश्र ने कहा कि भाजपा ने समय-समय पर सपा सरकार को बरसात के संदर्भ में चेताया था। लेकिन सरकार कानों में तेल डाले बैठी रही। अब बाढ़ के बाद प्रदेश में वर्षा जनित बीमारियों का खतरा है। कई जगहों से बीमारियों की खबरें मिलने भी लगी हैं। सरकार को आपदा सहायता युद्ध स्तर पर शुरू करनी चाहिए।

LIVE TV