अब यूपी तोड़ेगा चीन की कमर, नहींं बिकेंगे चाइना के सामान

लखनऊ। लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) के सिद्धांतों पर चलने वाले लोगों ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का संकल्प लिया। इस अवसर पर राज्य की राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री रामगोविंद चौधरी, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र और सांसद (राज्यसभा) नीरज शेखर, सांसद सुरेंद्र नागर, विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी राम सेवक यादव और लोकतंत्र सेनानी धीरेंद्र श्रीवास्तव समेत तमाम जनप्रतिनिधि, पत्रकार व बुद्धिजीवी उपस्थित थे।

चीन निर्मित वस्तुओं

इस दौरान सांसद नीरज शेखर और विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार संबंधी प्रस्ताव पेश किया, जिसे तत्काल सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

लोकतंत्र सेनानी धीरेंद्र श्रीवास्तव ने संकल्प पढ़ा जिसे सभी ने दोहराया। संकल्प में कहा गया कि चीन हमलावर देश है। वह हमारे देश के 38 हजार वर्ग किलामीटर क्षेत्र पर अवैध तरीके से काबिज है। उसने तिब्बत की आजादी छीन रखी है। वह हमारे पड़ोसी देश नेपाल, भूटान और वर्मा को भी अच्छी नजर से नहीं देखता है।

विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने कहा कि चीन अड़ंगा नहीं डाला होता तो भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बन गया होता। भारत परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह का भी सदस्य होता। चीन पाकिस्तान को हमारे खिलाफ हमेशा उकसाता भी रहता है। चीन भारत में सालाना दो लाख 22 हजार करोड़ का कारोबार करता है। यह कारोबार चीन की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हम भारतवासी चीन निर्मित उत्पादों को खरीदना बंद कर दें तो उसकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ टूट जाएगी।

संकल्प लेने के साथ उपस्थित नेताओं ने सभी भारतवासियों से चीन निर्मित उत्पादों के बहिष्कार करने की अपील की, ताकि बिना हथियार उठाए उसे भारत विरोध की सजा मिले।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री रामगोविंद चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राजधानी लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जनेश्वर मिश्र जैसे महान समाजवादियों की प्रतिमाएं और उनके नाम पर संस्थान हैं, लेकिन कर्म से सदैव समाजवादी रहे पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की प्रतिमा अभी तक यहां नहीं लग सकी है।

इसके बाद एक प्रस्ताव पारित कर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की गई कि राज्य सरकार की तरफ से राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की एक आदमकद मूर्ति लगवाई जाए और उनके नाम पर एक संगहालय बनाया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर ने की। अतिथियों का स्वागत लोकनायक जयप्रकाश नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी व कार्यक्रम का संचालन सचिव पीएन द्विवेदी ने किया।

सपा के प्रदेश सचिव रघुनंदन सिंह काका, रत्नसेन सिंह, दिग्विजय सिंह देव, पार्षद सर्वेश यादव, अभिषेक सिंह आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

LIVE TV