
गोरखपुर महोत्सव के समापन के मौके पर 13 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामगढ़ ताल के किनारे लगाए गए प्रदेश के सबसे ऊंचे तिरंगे (246 फीट) को फहराएंगे। वर्तमान में प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगा है। इस दौरान मुख्यमंत्री कोणार्क मंदिर की तर्ज पर बने जेट्टी प्रवेश द्वार और बुद्ध प्रवेश द्वार का भी लोकार्पण करेंगे।

उद्योगपति अमर तुलस्यान ने गोरखपुर में प्रदेश का सबसे ऊंचे तिरंगे की योजना बनाई थी। दिसंबर 2017 में जिला प्रशासन से इसके लिए अनुमति मिल गई थी। इसका ढांचा तैयार कर तिरंगा लगाने वाली कंपनी ने इसका ट्रायल भी कर लिया था। इसी बीच नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से रामगढ़ ताल के किनारे किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक लगा दी गई। बाद में जीडीए की ओर अनुमति मिलने के बाद यहां पोल खड़ा कर दिया गया। करीब एक साल से तिरंगा फहराने का इंतजार किया जा रहा था। अब 13 जनवरी को यह इंतजार खत्म होगा। सीएम दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भी वितरित करेंगे।

आप को बता दें कि गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगे तिरंगे की ऊंचाई 211 फीट है। गोरखपुर में इससे 35 फीट ऊंचा यानी 246 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा। इसे 15 किलोमीटर की परिधि से देखा जा सकेगा।

डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि गोरखपुर महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामगढ़ताल किनारे लगाए गए तिरंगे को फहराएंगे, जेट्टी के प्रवेश द्वार एवं बुद्ध प्रवेश द्वार का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 100 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भी वितरित करेंगे।
