अखिलेश बोले- आजम खां पीढ़ियों को संवारने का काम कर रहें जो भाजपा को बर्दाश्त नहीं हुआ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रामपुर जनपद में कई जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अन्यायी और झूठी है। भाजपा सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। जनता को इनके झूठे वादों पर कोई भरोसा नहीं रह गया है। अब भाजपा के झूठ का जवाब जनता देगी। उन्होंने कहा पहले चरण के चुनाव में किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, महिलाओं ने भाजपा का सफाया कर दिया है। अब दूसरे चरण के चुनाव में भी भाजपा का नामोनिशान मिट जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि मोहम्मद आजम खान साहब और अब्दुल्ला आजम को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में रखा गया। अब्दुल्ला आजम परेशानी से निकलकर बाहर आ गए हैं लेकिन मोहम्मद आजम खान साहब दो साल से अभी भी जेल में हैं। भाजपा सरकार ने उनके ऊपर झूठे मुकदमे लगाए हैं। मुकदमे भी पेड़ चोरी, किताब चोरी और बकरी चोरी जैसे हैं। मोहम्मद आजम खान साहब ने विश्वविद्यालय बनाया है। शिक्षा के लिए बड़ा काम किया है। छात्रों और नौजवानों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए काम किया है। क्या वे किताब चोरी और पेड़ चोरी करेंगे। उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसकी जितनी छोटी सोच होती है उतने छोटे आरोप भी लगाता है।

‘किसानों को कुचलने वाला बाहर, विवि बनवाने वाला जेल के अंदर’
अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान साहब विश्वविद्यालय बनाकर आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का काम कर रहे थे, लेकिन भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं हुआ। भाजपा सरकार ने झूठे मुकदमे लगाए। झूठे मुकदमे की उम्र ज्यादा नहीं होती है। झूठे मुकदमों का भी सफाया होगा। किसानों को जीप से कुचलने वाला जेल से बाहर आ गया और विश्वविद्यालय बनाने वाला गरीबों को शिक्षा दिलाने वाला 2 साल से झूठे मुकदमों में जेल में है। यही भाजपा का न्यू इंडिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में किसानों को जीप से कुचल कर मार देने का कोई दूसरा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा।

भाजपा सरकार उद्योगपतियों को फायदे के लिए तीन काले कृषि कानून लाई थी। लेकिन हमारे किसानों ने आंदोलन से भाजपा सरकार को झुका दिया। इस आंदोलन में 700 किसान शहीद हुए। लेकिन जब देश और प्रदेश के दूसरे हिस्सों के किसान हमारे किसानों के समर्थन में उतर आए तो भाजपा डर गई। उसने तीन काले कृषि कानूनों को वापस ले लिया। लेकिन इनका भरोसा नहीं है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी पार्टी है। यह कुछ भी कर सकती है। समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार बनने पर आंदोलन में शहीद किसानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए देकर मदद करेंगे। शहीद किसानों की याद में स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र संविधान और हक बचाने का चुनाव है। भाजपा जिस तरह का काम कर रही है, हो सकता है कि वह आने वाले समय में संविधान ही बदल दे।

LIVE TV