मोदी और सोनिया भी संत निरंकारी बाबा की सादगी के कायल
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई अन्य नेताओं ने शुक्रवार को संत निरंकारी मिशन के प्रमुख बाबा हरदेव सिंह के निधन पर शोक जताया।
यह भी पढ़ें : संत निरंकारी बाबा का कनाडा के सड़क हादसे में निधन
मोदी ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह का निधन आध्यात्मिक जगत के लिए एक भारी क्षति है। मोदी ने ट्विटर के माध्यम से कहा, “इस दुख की घड़ी में उनके अनगिनत अनुयायियों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”
बाबा हरदेव सिंह के निधन पर शोक
सोनिया ने भी निरंकारी बाबा के निधन पर दुख जताया और उनके अनुयायियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सोनिया ने कहा, “उन्होंने समानता और सादगी के आध्यात्मिक गुणों का प्रसार किया था। निरंकारी समाज हमेशा प्रासंगिक रहेगा।”
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि निरंकारी बाबा के निधन की खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ है। राजनाथ ने ट्वीट में कहा, “वह केवल एक आध्यात्मिक गुरु ही नहीं थे, बल्कि एक समाज सुधारक भी थे।”
रेल मंत्री सुरेश प्रभु, पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह और भारतीय जनता पार्टी के नेता शहनवाज हुसैन ने भी बाबा हरदेव के निधन पर शोक जताया है।
संत निरंकारी मिशन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यहां बताया कि कनाडा के मोंट्रियाल में एक सड़क दुर्घटना में बाबा हरदेव सिंह का निधन हो गया है।