
भोपाल। व्यापम घोटाले में मरने वालों की गिनती अब 50 तक पहुंच गई है। बीते रविवार को मध्यप्रदेश के व्यापमं घोटालेे की जांच कर रहे आईबी के एक अफसर की सड़क हादसे में मौत हो गई है। इंटेलीजेंस ब्यूरो के सीनियर इंस्पेक्टर अजय कुमार खरे को भोपाल के शाहपुरा इलाके में कार ने कुचल दिया। अजय की मौके पर ही मौत हो गई।
व्यापम घोटाले की जांच
अजय के पास व्यापम घोटाले से जुड़ी कई खुफिया सूचनाएं थीं। इसी वजह से उनकी माैैत को सामान्य नहीं माना जा रहा है। इस बारे में पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
आईबी अफसर अजय कुमार खरे दो साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। उन्होंने 1983 में आईबी ज्वाइन किया था। सेवाकाल के सराहनीय कार्य को देखते हुए 26 जनवरी 16 में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भारतीय पुलिस सेवा पदक से सम्मानित करने का एेलान किया था। यह पदक उन्हें 15 अगस्त को मिलना था।
मूलत: हमीरपुर निवासी 58 वर्षीय अजय कुमार खरे दो साल से राजधानी में तैनात थे और अमलतास परिसर-त्रिलंगा में रहते थे। रविवार दोपहर वह स्कूटर से अपने निर्माणाधीन मकान को देखने गए थे। इसी दौरान शाहपुरा थाने के पास इंडस ए-पायर कॉलोनी के करीब पीछे से आई तेज रफ्तार काले रंग की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी।
दुर्घटना के बाद खरे कार के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। सिर व शरीर में गंभीर चोट आने के कारण इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। कार और उसेे चलाने वाले शख्स की जानकारी पुलिस नहीं जुटा पाई है।
अजय के दो बेटे वर्णित व हार्दिक हैं। वर्णित पुणे में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जबकि हार्दिक इंटर का छात्र है।