भाजपा का सत्ता पाने का ख्वाब दिवास्वप्न साबित होगा

राजनाथ सिंहलखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा बेटियों पर आंच नहीं आने देने के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि इसी प्रदेश का शिक्षा मंत्री रहते हुए जिन्होंने नकल अध्यादेश के नाम पर बड़ी संख्या में बेटियों पर मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजने का काम किया हो, आज वही सत्ता के लिए एवं प्रदेश में वोट लेने के लिए बेटियों पर आंच न आने देने का वादा कर रहे हैं।

रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सत्ता पाने का सपना दिवास्वप्न साबित होगा।

डॉ. अहमद ने कहा कि राजनाथ सिंह भाजपा शासन आने पर प्रदेश को विकास का सपना दिखा रहे हैं जबकि भाजपा का शासन प्रदेश की जनता देख चुकी है, जिसमें विकास की बात करना प्रश्न चिन्ह लगाता है। भाजपा ने अपने शासनकाल में सांप्रदायिक सौहार्द मिटाने का काम किया था, जिसको उत्तर प्रदेश में पुन: स्थापित करने में लगभग 15 वर्ष लग गए। अब प्रदेश में आपसी सद्भाव एवं समरसता की धारा बह रही है, जो भाजपा से देखी नहीं जा रही है।

रालोद नेता ने कहा कि आगामी चुनाव में सत्ता पाने का सपना भाजपा के लिए दिवास्वप्न की तरह रहेगा। अब उत्तर प्रदेश का किसान, नवजवान एवं मजदूर वर्ग इनके झूठे लॉलीपाप के चक्कर में नहीं आएगा क्योंकि यहां का युवा वर्ग समझ चुका है कि करोड़ों को नौकरी देने का वादा करने केंद्र में सत्ता प्राप्त करने वाली भाजपा ने हजारों को भी नौकरी नहीं दी है।

LIVE TV