6 दिसंबर से यूपी रोडवेज करेगा चक्का जाम

बसों का चक्का जाममेरठ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के कर्मचारियों ने 6 दिसंबर की आधी रात से निगम बसों का चक्का जाम करने की घोषणा की है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह ने चक्का जाम की घोषणा करते हुए कहा है कि परिषद की प्रदेश कार्यकारिणी के फैसले के मुताबिक 6 दिसंबर की आधी रात से पूरे प्रदेश में रोडवेज बसों का चक्का जाम कर दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश शासन और निगम प्रशासन ने बलपूर्वक हमारी हड़ताल से निपटने की कोशिश की तो उसके परिणाम गंभीर होंगे। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह ने कहा है कि चक्का जाम से पहले 2 दिसम्बर को पूरे प्रदेश के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालयों पर रोडवेज कर्मचारी बड़ी संख्या में एकजुट होकर 1 दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा है कि हमारी मांगों पर निगम प्रशासन और शासन उदासीन रवैया अपनाए हुए है।

सिंह ने कहा कि हमारी मुख्य मांगों में 6ठवें वेतनमान के एरियर 4 वर्ष 12 दिन का भुगतान करने, कार्यशालाओं में नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति करने, पार्ट्स की आपूर्ति करने, संविदा चालक-परिचालकों का न्यूनतम वेतनमान 16,900 करने, सभी प्रकार की कटौती बंद करने और प्रदेश में डग्गामार बसों का संचालन पूरी तरह बंद करना शामिल है।

LIVE TV