
नई दिल्ली| फरीदाबाद में सेक्टर-29 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी ईश्वर सिंह ने सूरजकुंड क्षेत्र में अरावली की पहाड़ी में डेथ वेली के नाम से मशहूर कृत्रिम झील में गिरी अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए करीब 100 फुट ऊंचाई से छलांग लगा दी। पुलिस की मदद से वह पत्नी को बचाने में कामयाब रहे।
सेक्टर-29 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी ईश्वर सिंह केबल ऑपरेटर का काम करते हैं। उनकी पत्नी माही गृहिणी हैं। माही को कहीं से सूरजकुंड क्षेत्र में बनी डेथ वैली झील के बारे में पता चल गया था। इसलिए वह कई दिनों से ईश्वर सिंह से वह झील दिखाने की जिद कर रही थीं। रविवार शाम करीब 6 बजे ईश्वर सिंह अपने साले अनुज और माही को साथ लेकर कार में झील देखने के लिए चले गए। कार उन्होंने सड़क पर खड़ी कर दी। इसके बाद झील के किनारे पर टहलने लगे। तभी माही का पैर फिसल गया और वह झील में गिर पड़ीं। झील में करीब 100 फुट गहराई पर पानी है। उनके गिरते ही ईश्वर सिंह ने भी छलांग लगा दी। नीचे पानी में उन्होंने पत्नी को सहारा दिया और एक पत्थर पकड़ लिया।
ऊपर मौजूद उनके साले अनुज ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कर दिया। वहां से सूरजकुंड थाना से एसआइ रणधीर सिंह, एचसी शमशेर और संदीप तुरंत रस्से लेकर मौके पर पहुंचे। रणधीर सिंह रस्सी के सहारे झील में उतरे। इसके बाद रस्सी के सहारे माही और ईश्वर सिंह ऊपर आए। अंत में एसआइ रणधीर सिंह बाहर निकले। बाहर आते ही माही बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें बीके अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद सोमवार सुबह डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी। घटना के बाद से परिवार भगवान और पुलिस का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहा।





