ये है अमेरिका का सबसे खूनी शहर
अमेरिका के टेक्सास में गोलीबारी की घटना सामने आई है। हॉस्टन शहर की एक परिवहन कंपनी में बुधवार तड़के हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। स्थानीय टीवी स्टेशन के मुताबिक, यह गोलीबारी हॉस्टन की ‘नाइट’ परिवहन कंपनी में स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 8.45 बजे हुई।
टेक्सास में गोलीबारी की बढ़ती घटनाएं
कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी ने एक शख्स पर गोली चला दी और फिर स्वयं को भी गोली से उड़ा दिया।
हॉस्टन पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावर को सुबह नौकरी से निकाल दिया गया था लेकिन वह शाम में हथियार के साथ वापस लौटा और गोली चला दी।
इस घटना में एक अन्य कर्मचारी घायल हो गया है।
यह कंपनी मोर्टन रांच हाई स्कूल के पास है और इसे एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया था लेकिन अब इस बंद को हटा दिया गया है।
इससे पहले भी टेक्सास में गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते अप्रैल में टेक्सास के सैन एंटोनियो में वायुसेना के एक ठिकाने को उस वक्त बंद करना पड़ा था, जब एक गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी।
अमेरिकी मीडिया की खबर के मुताबिक ये हत्याएं संभवत: हत्या के बाद आत्महत्या की लग रही थीं। बेक्सर काउंटी शेरिफ ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी थी। इस घटना के बाद इलाके के स्कूलों और डे केयर केन्द्रों को भी बंद कर दिया गया था।
इससे पहले टेक्सास के एक रेस्तरां में दो गुटों के बीच गोलीबारी में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए थे। यह घटना वाको के ट्विन पीक्स रेस्तरां में हुई थी। गोलीबारी में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
पुलिस के मुताबिक हाथापाई में दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जंजीरों, चाकुओं और बंदूकों से हमला किया। पुलिस के मुताबिक यह घटना महज पार्किंग विवाद के चक्कर में हुई थी।