शिपिंग से तटीय राज्यों की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी

केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालयचेन्नई| केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय में सचिव राजीव कुमार ने शुक्रवार को यहां कहा कि जहाजरानी क्षेत्र तटीय राज्यों की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा। चेन्नई में आयोजित क्षेत्रीय संपादकों के सम्मेलन में मीडिया को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि पिछले दो वर्ष बंदरगाहों समेत भारतीय समुद्री क्षेत्र के लिए अत्यंत उल्लेखनीय रहे हैं।

जहाजरानी मंत्रालय ने अपनी पहली वैश्विक निवेश बैठक ‘मैरीटाइम इंडिया समिट 2016’ आयोजित की थी, जिसमें 40 से भी अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इस शिखर सम्मेलन के दौरान 82,905 करोड़ रुपये के 141 कारोबारी समझौते हुए थे।

कुमार ने संपादकों को बताया कि बंदरगाह क्षेत्र ने वर्ष 2015-16 के दौरान एक अरब टन से भी ज्यादा कार्गो के संचालन की उपलब्धि हासिल की है। 12 प्रमुख बंदरगाहों ने पिछले वर्ष की तुलना में इस दौरान अपने परिचालन मुनाफे में लगभग 676 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की है।

सचिव ने कहा कि जहाजरानी मंत्रालय दक्षता एवं बुनियादी ढांचे दोनों ही लिहाज से भारतीय बंदरगाहों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने को इच्छुक है।

LIVE TV