
नई दिल्ली। पंजाब में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। यह घोषणापत्र जारी करने के एक दिन बाद पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए उन्हें “सुपर बेवकूफ” कहा।
बादल ने आगे बोलते हुए कहा कि केजरीवाल को यह नहीं मालूम है कि वह जनता से क्या वादा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अरविंद केजरीवाल का रवैया है उससे उनकी सिर्फ 7 से 8 सीटें ही आयेंगी।
पंजाब कांग्रेस के महासचिव सेठ सतपाल मॉल का स्वागत करने के बाद मीडिया से सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उन्होंने अपने घोषणापत्र में दावा किया है कि वैट और सेवा कर (जीएसटी) को आम आदमी की सरकार बनने पर कम किया जायेगा। बिना सर्वे कराये चुनावी वादा करना उनकी गंभीरता को दर्शता है।
बादल ने आगे कहा कि केजरीवाल ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में बिजली की दरों को कम किया जायेगा, और नेताओं से बसों के परमिट लेकर बेरोजगारों को दिये जायेंगे, पर शायद उन्हें ये मालूम नहीं कि पूरे देश में सबसे कम बिजली की दरें पंजाब मे हैं।
बादल ने कहा कि दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली में सरकार बनते ही दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को जेल भेजेंगे पर वह आज तक ऐसा नही कर पाये।