अखिलेश की समाजवादी विकास रथ यात्रा स्थगित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी में चल रहे उठा-पटक के लगभग खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में तीन अक्तूबर से निकलने वाली समाजवादी विकास रथ यात्रा स्थगित कर दी गई है।
इसकी जानकारी आज खुद मुख्यमंत्री ने पांच कालीदास मार्ग पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि समाजवादी विकास रथ यात्रा कब और कहां से निकलेगी इसका समय बाद में तय किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब दूसरे दल के लोग समय और मुहूर्त देखकर काम करते हैं, तो हमें भी इस बारे में सोचना होगा। गौरतलब है कि यह यात्रा सरकार की उपलब्धियों को जनता के हितों में किए गए काम को लेकर निकाली जानी थी।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अखिलेश और शिवपाल दो गुटों में बट गए हैं। पहले चाचा शिवपाल के समर्थक सड़कों उतरे और अब अखिलेश के समर्थक सड़क पर उतर आये हैं। बालसन चैराहे पर गाँधी प्रतिमा पर सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।
सपा कार्यकर्ताओं ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से मांग किया कि सीएम अखिलेश यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए। कार्यकर्ताओं का ये भी कहना है कि शिवपाल स्वयं मुख्यमंत्री अखिलेश को माला पहना कर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दें। कार्यकर्ता का कहना था कि वह आने वाला 2017 का विधानसभा चुनाव अखिलेश के नेतृत में ही लड़ना चाहते हैं।