भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहुंचे लखनऊ, एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत

अमित शाहलखनऊ| उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद लखनऊ पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का आज यहां जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर भाजपा के बड़े नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा था।

अमित शाह के प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी से बाहर आते ही डोल तथा नगाड़ों की ताल के बीच फूल-माला से जोरदार स्वागत किया गया। भयंकर गर्मी के बाद भी भाजपा के कार्यकर्ताओं का जोश पूरे उफान पर था। उनके स्वागत के लिए उप मुख्यमंत्री तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या तथा उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के साथ ही आधा दर्जन कैबिनेट मंत्री तथा भाजपा के बड़े पदाधिकारी एयरपोर्ट पर थे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह लखनऊ में आज भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। साइंटिफिक कंवेशन सेंटर में अमित शाह आज पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में जीत दिलाने का मंत्र भी देंगे। इसके साथ ही आज उनके साथ बैठक में भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी चर्चा हो सकती है।

आज ही पार्टी की भविष्य की रणनीति का रोडमैप पेश किया जाएगा. जिसमें जल्द ही यूपी में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारी पर चर्चा होगी, यही नहीं संगठन की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक होने और नए सदस्यों को जोडऩे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति बैठक के दूसरे दिन अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब किताब देंगे। इसके अलावा बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी सभी नेताओं को जीत का मंत्र देंगे।

LIVE TV