अखिलेश यादव कल कन्नौज में लगाएंगे ट्विटर चौपाल
कन्नौज। इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में व्हाट्सएप और फेसबुक के साथ ही सोशल मीडिया का ट्विटर प्लेटफॉर्म भी काफी अहम होने जा रहा है। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इत्र नगरी कन्नौज में 11 जनवरी को ट्विटर पर चौपाल लगाएंगे। यह चौपाल सौ फीसदी सोलर पावर वाले गांव के रूप में चर्चित फकीरे पुरवा में लगेगी। इसमें ट्विटर इंडिया की टीम मौजूद रहेगी।
सर्वाधिक युवा मतदाता होने के नाते भी सोशल मीडिया पर खास जोर दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा के चुनावों में भी सियासी संदेश देने के लिए ट्विटर का काफी इस्तेमाल हुआ है। ट्विटर इंडिया ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए इलेक्शन ऑन ट्विटर की नई पहल शुरू की है।
ट्विटर पर अखिलेश यादव के साथ पहली चौपाल की लॉन्चिंग 11 जनवरी को कन्नौज के फकीरे पुरवा में होगी। यह देश का पहला माइक्रो ग्रिड सक्षम गांव है। इसका उद्घाटन पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था।