सड़क परिवहन निगम की नई पहल, 18 वातानुकूलित बसों की ड्राइवर सीट पर बैठेंगी महिलाएं, इन रूटों पर चलेंगी ये बसें

यूपी के गाजियाबाद के एआरएम राम लवट के अनुसार उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने साहिबाबाद डिपो स्थित 18 वातानुकूलित पिंक बसों के संचालन के लिए 22 महिला चालकों को प्रशिक्षित किया है। जहां जल्द ही ये महिला चालक और परिचालक कौशांबी डिपो से लखनऊ, गोरखपुर, देहरादून तक बस का स्टेयरिंग संभालती हुई नजर आएंगी। इन महिला चालकों को कानपुर स्थित परिवहन निगम के प्रशिक्षण संस्थान में सात माह का प्रशिक्षण दिया गया है।

उन्‍होंने बताया कि महिलाओं द्वारा बस संचालन का उद्देश्य महिलाओं और उनके बच्चों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है. अभी तक पिंक बसों को महिला चालकों के अभाव में पुरुष चालक चलाते हैं, लेकिन अब महिलाएं ही पिंक बस चलाएंगी। सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए तीन सौ किलोमीटर से अधिक दूरी वाले सफर पर बस में दो महिला चालक मौजूद रहेंगी।

दो डिपो से होगा पिंक बसों का संचालन

पिंक बसों का संचालन कौशांबी डिपो और कश्मीरी गेट डिपो से किया जाएगा, कौशांबी से हरिद्वार, लखनऊ, गोरखपुर और सोनौली के लिए चलेंगी। वहीं, कश्मीरी गेट से ऋषिकेश और देहरादून के लिए यह बसें संचालित की जाएंगी। बसों को सुबह सात बजे से रात दस बजे तक चलाया जाना प्रस्तावित है, जिससे महिलाओं को रात में सफर न करना पड़े।

LIVE TV