यूपी के मदरसों में जुमे के दिन ही होगा साप्ताहिक अवकाश, जानिए- शुक्रवार या रविवार कब रहेगा ऑफ
उत्तर प्रदेश राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड ने जारी वर्ष 2023 के लिए छुट्टियों को लेकर कैलेंडर जारी कर दिया है। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद जावेद ने छुट्टियों का कैलेंडर जारी करने के बाद कहा कि मदरसों में साप्ताहिक अवकाश शुक्रवार को जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है जबकि शैक्षणिक कैलेंडर की घोषणा मार्च 2023 में की जाएगी। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि 2023 में मदरसों में 75 छुट्टियां होंगी, जिनमें रमजान के 36 दिन और ईद-उल-फितर शामिल हैं।

बता दे कि, इस कैलेंडर के मुताबिक फिलहाल मदरसों के वीकली ऑफ को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। यूपी के मदरसों में साप्ताहिक अवकाश शुक्रवार को भी रहेगा। मदरसों के वीकली ऑफ को शुक्रवार से रविवार करने के सुझाव पर जनवरी में किसी समय चर्चा होने की संभावना है, तब तक साप्ताहिक अवकाश शुक्रवार को रहेगा।