
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। गुरुवार को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के कारण गर्मी से काफी राहत मिली। कई जिलों में अधिकतम तापमान में 10 से 12 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
अयोध्या, वाराणसी, कानपुर, बलिया और गाजीपुर समेत कई इलाकों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। बाराबंकी और गाजियाबाद में कई जगह ओले भी गिरे। हालांकि उरई में 43.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म दिन रहा।
आगे का पूर्वानुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार शुक्रवार से बारिश का दायरा कम हो जाएगा। पूर्वी और तराई क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शनिवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।
मौसम विभाग ने बताया कि 4 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर हल्की बारिश के आसार हैं।



