अस्थिर हालातों के बीच मणिपुर से फिर आई हिंसा की खबर, ताज़ा घटनाओं में इतनी मौतें

मणिपुर पुलिस ने कहा कि पिछले 24 घंटों में गोलीबारी की छिटपुट घटनाओं और अनियंत्रित भीड़ के जमावड़े के कारण कुछ क्षेत्रों में तनाव का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को अलग-अलग घटनाओं में एक नागरिक और दो हथियारबंद लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

मणिपुर में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन हिंसा सम्बन्धित खबरें अखबारों की सुर्खियां बानी रहती हैं। सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी हालात बेकाबू हैं। मणिपुर में भड़की हिंसा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने एक सर्वदलीय बैठक भी बुलाई थी। ताज़ा मामले में अधिकारियों ने कहा कि मणिपुर के बिष्णुपुर जिलों में शुक्रवार को अलग-अलग घटनाओं में एक नागरिक और दो हथियारबंद लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इम्फाल में अधिकारियों ने कहा कि सशस्त्र हमलावरों ने बिष्णुपुर जिले के फोगाकचाओ इखाई, अवांग लीकाई और क्वाक्टा इलाकों में गोलीबारी की, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

एक रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य घटना में, इम्फाल में यह बताया गया कि बिष्णुपुर जिले के 39 वर्षीय मणिपुर पुलिस कमांडो पुखम रणबीर की मौत हो गई थी। संदिग्ध आतंकवादियों ने मोइरंग ट्यूरेल मापन मीतेई गांव में क्वाक्टा वार्ड नंबर 9 पर हमला किया था। कथित तौर पर क्वाक्टा में एक बंकर पर तैनात रहते हुए कमांडो को गोली मार दी गई थी। हालाँकि, इस जानकारी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बिष्णुपुर में हमलों के जवाब में, पुलिस और अर्धसैनिक बल तेजी से घटनास्थल पर पहुंचे और हमलावरों को सफलतापूर्वक खदेड़ दिया। टकराव के दौरान, दो सशस्त्र हमलावरों को मार गिराया गया, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। शुक्रवार देर रात मणिपुर पुलिस द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान से पता चला कि पिछले 24 घंटों में गोलीबारी की छिटपुट घटनाओं और अनियंत्रित भीड़ के जमावड़े के कारण कुछ क्षेत्रों में तनाव का सामना करना पड़ रहा है। हालाँकि, अधिकांश जिलों में हालात बेहतर हैं।

LIVE TV