
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,046 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 17,540 लोग डिस्चार्ज हुए है। वहीं 24 अप्रैल की तुलना में प्रतिदिन दर्ज़ किए जाने वाले मामलों में 84.2% की कमी आई है। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 94,482 है। प्रदेश में रिकवरी दर 93.2% हो गया है। संक्रमण से कल 226 लोगों की मृत्यु हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 3,06,548 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक उत्तर प्रदेश में 4,64,19,134 टेस्ट किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि जिन 23 जनपदों में 18-44 आयु वर्ग का वैक्सीनेशन कार्यक्रम चल रहा है वहां मीडियाकर्मियों और जजों के लिए हर जनपद में अलग से वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अलग काउंटर बनाए जाएंगे।
इसी बीच उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। जिसके चलते जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। यूपी के ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में इसे लेकर बिस्तरों की व्यवस्था की जा रही है। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अस्पतालों में बिस्तरों और ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ गई है।