मामूली सी बात पर दो पक्ष भिड़े, मारपीट में तीन लोग गंभीर

दिलीप कुमार

यूपी के बलिया से मारपीट का मामला सामने आया है। मामुली सी बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिस वजह से इस मारपीट में कई लोग गंभीर रूप घायल भी हुए हैं।

आपको बता दें कि बलिया जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के तालिबपुर गांव में शुक्रवार को मोटरसाइकिल से कीचड़ की छीटें पड़ने के विवाद में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने सोनबरसा अस्पताल पहुंचाया जहां से डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से एक घायल व्यक्ति को ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।

एसएचओ शिवशंकर सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधान ललन राम का भांजा बाजार से बाइक से मुर्गा खरीदकर लौट रहा था। मोटरसाइकिल के पहिए से कीचड़ कन्हैया सिंह पर पड़ गया। इससे विवाद हो गया। तब तक पीयूष सिंह व प्रियांशु वर्मा निवासी करमानपुर मौके पर पहुंच गए। दोनों कन्हैया सिंह के पक्ष से कहासुनी करने लगे।

इतने में मामला मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। चाकूबाजी भी हुई। इसमें मनु पासवान पुत्र प्रबोध पासवान, सुनील कुमार पासवान पुत्र सुभाष पासवान व राजेश पासवान पुत्र नन्हकू पासवान गभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

LIVE TV