उत्तर प्रदेशकुशीनगर

कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: तिलक समारोह से लौट रही वैन की ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत, 6 की मौत

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। बीती देर रात एक पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर और वैन के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस खौफनाक हादसे में वैन सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि वैन के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, वैन में सवार सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले थे। ये सभी देवराज पिपरा गांव में एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने के बाद रात को वापस अपने घर लौट रहे थे।

वैन में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबेलास (65), राममिलन (35), आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथिलेश गुप्ता (22) सवार थे। इनमें से छह लोगों ने दम तोड़ दिया है। वहीं, राममिलन का 17 वर्षीय बेटा आर्यन इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में सघन उपचार चल रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही भलुही गांव में मातम पसर गया और भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद से ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button