
सोमवार को आरामबाग से तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिताली बाग ने आरोप लगाया कि हुगली जिले के गोघाट में भाजपा के गुंडों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की, जब वह चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी की रैली में जा रही थीं । हालांकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा ने दावा किया कि बाग एक नाटक रच रही हैं और वास्तव में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया था। इसी बीच एक अधिकारी ने बताया कि कथित घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है और केंद्रीय बल घटनास्थल पर तैनात हैं।
टीएमसी के एक फेसबुक पोस्ट के अनुसार, पार्टी नेता की कार में तोड़फोड़ की गई। पार्टी ने भाजपा पर “उनकी जान लेने की कोशिश” का आरोप लगाया। मिताली बाग का वीडियो साझा करते हुए टीएमसी ने फेसबुक पर लिखा, “अमित शाह ने हमारे नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धमकी दी थी कि जो भी अपने घर से बाहर निकलेगा उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। आज उस धमकी पर अमल किया गया, अनुसूचित जाति समुदाय की निर्वाचित महिला सांसद मिताली बाग पर भाजपा के गुंडों और बदमाशों ने बेरहमी से हमला किया।



