
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में ऐलान किया कि राज्य के सभी विधायकों को नई कारें दी जाएंगी, ताकि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर सकें और जनता की समस्याओं का समाधान कर सकें। इसके अलावा विधायकों को ड्राइवर के वेतन और कार खर्च के लिए प्रति माह 75,000 रुपये दिए जाएंगे। प्रत्येक विधायक कार्यालय में सहायक रखने के लिए अतिरिक्त 25,000 रुपये मासिक भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह घोषणा वीसीके विधायक जोतिमानी के अनुरोध के बाद आई, जिन्होंने कहा था कि आवश्यक लॉजिस्टिक्स सपोर्ट के बिना विधायक प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकते। एक वरिष्ठ डीएमके विधायक ने बताया कि पिछले सरकारों ने वित्तीय बाधाओं का हवाला देते हुए ऐसी मांगों को नजरअंदाज किया था। स्थानीय निकायों के प्रमुखों को पहले से आधिकारिक वाहन मिलते हैं, लेकिन विधायकों को यह सुविधा नहीं थी।
मेडिकल शिक्षा के लिए 351 करोड़
सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने के लिए 351 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। कुल 6,098 अतिरिक्त सीटें बनाई जाएंगी, जिनमें बीएससी नर्सिंग की 660, नर्सिंग कॉलेज व स्कूलों में 1,925, 12 पैरामेडिकल कोर्स में 2,778 और मेडिकल कोर्स में 735 सीटें शामिल हैं। सात नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किए जाएंगे।
पेरम्बलूर में 400 बेड का अस्पताल
पेरम्बलूर में 300 करोड़ रुपये की लागत से 400 बेड वाला विश्वस्तरीय मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल बनाया जाएगा, जो उन्नत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।
स्वास्थ्य बीमा कवर बढ़ाया जाएगा
मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत वार्षिक चिकित्सा उपचार की सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए अतिरिक्त चिकित्सा और सर्जिकल सेवाएं भी चेन्नई स्टेनली, तिरुनेलवेली, तूतुकुड़ी, चेंगलपट्टू, तिरुवारूर, करुर और कन्याकुमारी में उपलब्ध कराई जाएंगी।




